श्रावस्ती। ईद पर मल्हीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी महिला अपने रिश्तेदारी में त्योहार मनाने गई थी। इस दौरान घर पर उसकी बेटी व पति ही थे। बेटी को अकेला देख पिता ने रिश्ते को तार-तार करते हुए अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी से बताने पर जान से मार डालने की धमकी दी। दो दिन मौन रहने के बाद पीड़िता मल्हीपुर थाने पर पहुंची। जिसकी तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी एक युवती की आबरू ईद पर तार-तार हो गई। पांच मई को ईद का त्योहार मनाने युवती की मां अपनी रिश्तेदारी में गई थी। जबकि घर पर युवती अपने पिता के साथ अकेली थी। रात करीब 10 बजे जब युवती खाना खाकर सो रही थी। तभी उसका पिता उसके कमरे में पहुंच गया। जिसने बदनियती से उसे दबोच लिया। इसके बाद उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान युवती के शोर मचाने पर पिता ने उसे जान से मार डालने की धमकी देकर चुप करा दिया। घटना के बाद आरोपित ने बेटी को अपने दबाव में रखने का प्रयास भी किया। शनिवार को मौका पाकर पीड़िता मल्हीपुर थाने पहुंची। जहां उसने पुलिस को आप बीती बताई। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर बेटी से दुष्कर्म के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। जिसे प्रभारी थानाध्यक्ष राम नवल यादव द्वारा संबंधित न्यायालय ले जाया गया। जहां से आरोपी को जेल भेजा गया है। (संवाद)