स्थानांतरित डीएम को भेंट प्रदान करते जिला सूचना अधिकारी
श्रावस्ती। जिले की 20 माह तक कमान संभालने वाली डीएम को रविवार रात एक कार्यक्रम के साथ विदाई दी गई। इसी समारोह में स्थानांतरित एडीएम के भी कार्यों काे सराहा गया। एडीएम का कार्यकाल कुछ माह का था। जिले की पूर्व डीएम नेहा प्रकाश का स्थानांतरण औरैया जनपद के लिए हो गया है। वह अपने नवीन पद स्थान के लिए जा भी चुकी हैं।
कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से उनके बेहतर कार्यकाल के लिए रविवार को डीएम आवास पर एक फेयरवेल पार्टी दी गई। इस मौके पर अधिकारियों ने उनके बाढ़ नियंत्रण, शिक्षा, चिकित्सा, के साथ सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्य को सराहा। खास तौर से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से उनके द्वारा दिव्यांग पुनर्वास क्षेत्र में किए गए कार्य की सराहना की गई।
वहीं इसी मंच से स्थानांतरित एडीएम डीपी सिंह के कार्यकाल को याद किया गया। डीपी सिंह का स्थानांतरण मिर्जापुर में नमामि गंगे परियोजना में हुआ है। वह कुछ ही दिन पूर्व जिले में आए थे। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम न्यायिक सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम भिनगा आशुतोष, इकौना सालिकराम, जमुनहा पीके रॉय, रोहित, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।