श्रावस्ती। जिले में गेहूं खरीद के लिए शासन से अब तक लक्ष्य निर्धारित नहीं हुआ है। यहां स्थापित 29 क्रय केंद्रों पर दस दिन बाद सोमवार को भी सन्नाटा रहा। पंजीकरण करवाने वाले किसान गेहूं तैयार न होने से क्रय केंद्र नहीं आ रहे हैं। जिले में पहली अप्रैल से 29 क्रय केंद्रों में शुरू हुई गेहूं खरीद प्रक्रिया में 1,071 किसानों ने पंजीकरण करवाया। हालांकि ज्यादातर क्षेत्रों में गेहूं की कटाई शुरू नहीं हुई। इसकी वजह कई दिनों तक बरसात होना बताया जा रहा है। ऐसे में ज्यादातर खेतों में फसल अभी पक नहीं सकी है। इससे गेहूं खरीद का काम अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका है।
2,125 रुपये में होगी गेहूं खरीद
किसानों से समर्थन मूल्य योजना के तहत 2,125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। हालांकि उनको गेहूं की उतराई, छनाई व सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल देना पड़ेगा। आशा है 15 अप्रैल के बाद गेहूं खरीद प्रारंभ हो जाएगी।
- प्रज्ञा शर्मा, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी