बहराइच। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। शहर के कई मोहल्लों में रातभर आपूर्ति ठप रहने और दिनभर बार-बार ट्रिपिंग होने से लोग बेहाल रहे। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। बढ़ती उमस और तापमान के बीच बिजली आपूर्ति संकट ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।
शहर के सिविल लाइन, घंटाघर, बख्शीपुरा, बशीरगंज समेत कई फीडरों पर लगातार आ रही तकनीकी खराबियों से आपूर्ति प्रभावित हो रही है। नाजिरपुरा मोहल्ले में पखवाड़े भर के भीतर करीब 10 बार लाइन दगने की घटनाएं सामने आई हैं। यहां दो दिन से रात में फाल्ट आने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। फ्रीगंज सहित कई इलाकों में बृहस्पतिवार रात बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को गर्मी और मच्छरों के बीच पूरी रात जागना पड़ा।
शुक्रवार को भी मेवातीपुरा, बड़ीहाट, बरहियापुरा, दीवानी कचहरी, अकबरपुरा, स्टीलगंज, रायपुराजा, डपालीपुरवा, सरस्वती नगर, सूफीपुरा, फुटहा और नौवागढ़ी समेत अनेक मोहल्लों में बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। लगातार कटौती और ट्रिपिंग से पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि ज्यादातर घरों में पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान निकालने में असफल साबित हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
ओवरलोडिंग बनी बड़ी वजह
कई क्षेत्रों में स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली खपत होने के कारण ओवरलोडिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। ट्रांसफार्मर निर्धारित भार के अनुसार लगाए गए हैं, लेकिन अतिरिक्त लोड से फाल्ट और ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। विभाग की टीमें लगातार व्यवस्था सुधारने में लगी हैं, किसी भी फीडर से अघोषित कटौती नहीं की जा रही है।
-प्रवेश कुमार, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड