श्रावस्ती। गिलौला क्षेत्र में सोमवार देर शाम बोलेरो और ई रिक्शा की टक्कर में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा असवा गांव के पास सिसवारा-गिलौला मार्ग पर हुआ।
गिलौला कस्बा निवासी पारस मौर्य (70) अपने बेटे सुरेंद्र मौर्य (28) के साथ ई रिक्शा से ग्राम जानकीनगर से गिलौला बाजार लौट रहे थे। असवा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई रिक्शा सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में पारस मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई रिक्शा चला रहे सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी गिलौला ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।