कलेक्ट्रेट में बैठक करते अपर सचिव व अन्य। - स्रोत: सूचना विभाग
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आकांक्षात्मक जिला कार्यक्रम/ आकांक्षात्मक ब्लॉक कार्यक्रम जमुनहा तथा नीति आयोग की स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अपर सचिव (समग्र शिक्षा) स्कूल शिक्षा व साक्षरता विभाग, केंद्र सरकार/ नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू ने की। उन्होंने सभी विभागों को अपनी प्रगति बेहतर करने का निर्देश दिया।
एक दिवसीय जिला भ्रमण पर पहुंचे अपर सचिव ने कहा कि संपूर्ण विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसलिए इन पर विशेष प्रयास किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि जिले की हर गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण व समुचित ढंग से उनके स्वास्थ्य की देखभाल की जाएं।
डीपीओ ने बताया कि जिले में कुल स्वीकृत 1,120 में से 1,048 आंगनबाड़ी केंद्र क्रियाशील हैं। 69.37 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र अपने भवन में तथा शेष आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन में संचालित हैं। इसमें मार्च-2018 में प्रगति 57.19 के सापेक्ष जुलाई-2025 में प्रगति 69.37 प्रतिशत है। इस पर अपर सचिव ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे है। निर्माण कार्यों की समीक्षा में जानकारी मिली कि नीति आयोग की ओर से कुल स्वीकृत 11 में से सात कार्य पूर्ण हैं। इस मौके पर एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, डीएसटीओ अजय कुमार यादव, डीडीओ रामसमुझ, डीपीओ पीके दास, बीएसए अजय कुमार व ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।