शांति स्वरूप पांडेय
श्रावस्ती। भिनगा के मोहल्ला टंड़वा निवासी ई रिक्शा चालक ने रमजान माह में रोजेदारों के लिए ई रिक्शा पर किराया माफ कर दिया है। इसका बैनर भी उसने ई रिक्शा के पीछे लगा रखा है।
भिनगा नगर के मोहल्ला टंड़वा निवासी ताज मोहम्मद ई रिक्शा चालते हैं। माह-ए-रमजान में उन्होंने जियारत का एक नया तरीका निकाला है। ताज मोहम्मद रमजान के इस पाक महीने में रोजेदारों को अपने ई रिक्शा से मुफ्त में मंजिल तक पहुंचा रहे हैं। रोजेदारों की इस खिदमत को वह खुदा की इबादत मानते हैं।
ताज मोहम्मद का कहना है कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। इस बार रमजान में रोजेदारों से किराया नहीं ले रहे। ताज मोहम्मद ने बाकायदा अपने ई रिक्शा के पीछे बैनर भी लगाया है। बैनर में लिखा है कि माह-ए-रमजान शरीफ सभी हजरात को मुबारक हो, रोजा रहने वाले सभी के लिए फ्री सेवा उपलब्ध है। नो पैसा नो बाबा नो लिखा है। उनका कहना है कि वह रमजान शुरू होने से पहले वह प्रतिदिन 700-800 रुपये कमा लेते थे। रमजान महीने में रोजेदारों को फ्री सेवा दे रहे हैं। इसके बाद भी तीन सौ से लेकर चार सौ रुपये कमा लेते हैं, जिससे घर का खर्च चल जाता है।