श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा के कई मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। नियमित तौर पर साफ-सफाई न होने से यह कूड़ा नालियों में भर गया है। नालियां चोक हो जाने से गंदा पानी गलियों व सड़क में भर जाने से लोगों को इसी में से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने से लोगों को अब संक्रामक बीमारी फैलने का अंदेशा भी परेशान करने लगा है।
पालिका क्षेत्र के मोहल्ला बारी में नालियां टूटी होने व इनमें कूड़ा जमा होने से जलनिकासी पूरी तरह से ठप हो गई है। इससे नाली का गंदा पानी लंबे समय से घरों के सामने सड़कों पर भरा है। क्षेत्रीय निवासी मुन्ना, शाकरून, मनोज कुमार, आदि ने बताया कि जलभराव से पानी में मच्छर पनपने व गंदगी के कारण संक्रामक बीमारी फैलने का अंदेशा भी परेशान करने लगा है।
शास्त्रीनगर मोहल्ले में भी जगह-जगह नालियां चोक होने से जलभराव व्याप्त है। मोहल्ला निवासी आशीष कुमार, राहुल शुक्ला आदि ने बताया कि शिकायत के बाद भी सफाई नहीं की जा रही है। नई बाजार स्थित अनुपम होटल के पास गुजरी गली में भी नाली चोक दिखी। वहीं खाली पड़े प्लॉट में भारी मात्रा में कूड़ा डंप रहा। बारिश के बाद कूड़ा सड़ने से लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।