राप्ती नदी के किनारे पर मौजूद लोग व डाल्फिन के शव को पिकअप में रखते कर्मी।
श्रावस्ती। ककरदरी वन क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास राप्ती योजक नहर में बृहस्पतिवार को एक डॉल्फिन कहीं से आ गई। उसे देखकर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर एसडीओ वेद प्रकाश व ककरदरी रेंजर मोहित श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और डॉल्फिन को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे नदी में डॉल्फिन को छोड़ने ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने मौत का कारण जानने के लिए डॉल्फिन को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
डॉल्फिन की मौत जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। डीएफओ धनराज मीणा ने बताया कि जिले की नहरें राप्ती नदी से जुड़ी हुई हैं। डाल्फिन नदी में बह के आई होगी और बैराज से नहर में आ गई होगी। उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे पिकअप वाहन से सुरक्षित राप्ती नदी में छोड़ने के लिए ले जाया गया, लेकिन जब उसे नदी में छोड़ा गया तो वह मृत मिली। डीएफओ ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगा। जलीय जीवों का वातावरण परिवर्तित होने से कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। प्रथम दृष्टया यही कारण लग रहा है। प्रकरण की जांच जारी है।
-
राप्ती नदी के किनारे पर मौजूद लोग व डाल्फिन के शव को पिकअप में रखते कर्मी।