तुलसीपुर (श्रावस्ती)। नेहरू युवा केंद्र की ओर से ब्लॉक जमुनहा के संकल्पा खुर्द गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं व युवतियों को स्वस्थ रहने के लिए खेल व योग का सहारा लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जमुनहा विकास खंड के संकल्पा खुर्द गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा समन्वयक कोमल ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत कहा कि आज की युवा पीढ़ी शारीरिक श्रम न करके नशे की ओर बढ़ रही है। इससे न सिर्फ उनकी सेहत खराब हो रही है, बल्कि वह विभिन्न प्रकार के रोगों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में युवाओं व बच्चों को चाहिए कि वह नशे से दूर रहें। रोज सुबह व शाम कम से कम 30 मिनट तक योग करें। साथ ही सुबह-शाम पढ़ाई के साथ खेल में भी बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करें। पिंकी मिश्रा ने भी युवाओं को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। साथ ही महिला एवं युवा मंडल के सदस्यों को प्रत्येक गांवों में यह मंत्र पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सारिका, लवली, मनीष व निखिल आदि मौजूद रहे।