श्रावस्ती। मतगणना स्थलों व स्ट्रांग रूम का गुरुवार को डीएम व एसपी ने जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने दो मई को होने वाली मतगणना के लिए आवश्यकता अनुरूप फर्नीचर, मतगणना में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों व मतगणना एजेंटों के लिए बनाए जा रहे प्रवेश तथा निकास द्वार का जायजा लिया। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पार्किंग की दूरी मतगणना स्थल से 200 मीटर की परिधि के बाद बनाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी टीके शिबु ने गुरुवार पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के साथ दो मई को मतगणना के लिए सभी विकास खंडों में बनाए गए मतगणना स्थलों में तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने विकास खंड जमुनहा में बनाए गए मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम चौधरी महाजन लाल गौरव पब्लिक इंटर कॉलेज पटना मल्हीपुर, हरिहरपुररानी में बनाए गए मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम जेआरयूबी इंटर कॉलेज पूरे आधारी (बनघुसरा मोड़) व सिरसिया में बनाए गए मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम राजकीय इंटर कॉलेज गब्बापुर कला का निरीक्षण कर जायजा लिया। इसके साथ ही अन्य मतगणना स्थलों का दौरा किया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने आवश्यकता अनुरूप टेबल, फर्नीचर, बैरिकेडिंग, मतगणना में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों व मतगणना एजेंटों के प्रवेश तथा निकास द्वार व पार्किंग की दूरी मतगणना स्थल से 200 मीटर की परिधि के बाद बनाने का निर्देश दिया। साथ ही मौजूद अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान संबंधित खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।