श्रावस्ती। आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा ने गुरुवार शाम भिनगा जंगल के मध्य बनकटवा में विकसित किए गए इको पार्क का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले के ऐसे स्थल जहां पर पर्यटन की संभावनाएं हैं, उन्हें भी विकसित करने को कहा।
देवीपाटन मंडल गोंडा के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने गुरुवार शाम बनकटवा गेस्ट हाउस के निकट वन विभाग की ओर से विकसित किए गए इको पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐसे स्थलों को विकसित करें। वन सभी को अपनी सभ्यता की याद दिलाते हैं। हमारी सभ्यता की जड़ जल व वन से ही जुड़ी हुई है। इसलिए जितना हो सके आम लोगों को वनों से जोड़ना चाहिए। इस ईको पार्क के विकसित होने से लोगों को लाभ मिलेगा। इसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए।
डीएम कृतिका शर्मा ने बताया कि श्रावस्ती वन प्रभाग की ओर से बनकटवा गेस्ट हाउस के पास में ही दो किलोमीटर लंबाई में वाक रोपवे बनाया गया है। पुराने गेस्ट हाउस के सामने पर्यटकों को लुभाने के लिए दो टेंट कार्टेज व इको पार्क का निर्माण किया है। इसके साथ ही जंगली जानवरों से लोगों को परिचित करने के लिए जंगली पशुओं के स्टेच्यू भी लगे हैं। जंगल के अंदर से बहने वाले केन नाले में नौकायन की व्यवस्था की गई है। यहां पर्यटक परंपरागत नौकायन के साथ ही मोटर बोट का भी आनंद ले सकते हैं।
इसके बाद मंडलायुक्त ने श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे व डीएम के साथ गुलरा गेस्ट हाउस पहुंचकर हरिशंकरी पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान विधायक ने पीपल, आयुक्त ने बरगद व डीएम ने पाकड़ के पौधे लगाए। इस दौरान एसपी प्राची सिंह, सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, डीएफओ डीएन सिंह, आशुतोष पांडे, विनय कुमार तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।