श्रावस्ती। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को भक्तों ने मां कालरात्रि की आराधना की। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। देर रात तक भक्तों ने फूल, माला, प्रसाद, नारियल और चुनरी आदि चढ़ाकर मां की पूजा अर्चना की। वहीं इस दौरान मंदिर व पूजा पंडाल मां काली के जयकारों व भजनों से गूंजते रहे।
जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देवी मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। वहीं दुर्गा पूजन के लिए नगर में जगह जगह सजाई गई मां की झांकी में भी मां आदि शक्ति की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम एकत्र हो रहा है।
शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन भक्तों ने शनिवार को मां के सातवें रूप कालरात्रि का विधि विधान पूर्वक पूजन किया। देवी मंदिरों में पूजन, हवन सहित अन्य अनुष्ठानों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। देवी मंदिरों में मां के दर्शन के लिए आने वाले देवी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। वहीं ईदगाह, व्यास भवन, खैरीमोड़ सहित जिले के अन्य हिस्सों में दुर्गा पूजन स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ दिखाई पड़ी।
इस दौरान देवी मंदिरों में दिन प्रतिदिन पूजन अर्चन हवन सहित अन्य अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा। भिनगा नगर के राजर्षि काली मंदिर, इकौना के बेचूबाबा, माता ज्वाला देवी मंदिर, जमुनहा के जगपति धाम, सिरसिया के दुर्गामंदिर, गिलौला के झारखंडी व सदाशिव महादेव सहित अन्य देवी मंदिर या देवी सर्वभूतेषु स्मृति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: के मंत्रों से गूंज रहे हैं। वहीं दुर्गा पूजन पंडालों में आयोजित जागरण व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए लोग देर रात तक डटे रहे।