लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर जिले की समस्या बताते पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शुक्रवार को पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने लखनऊ में मुलाकात की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएम से कहा कि विगत वर्ष आई बाढ़ में भंगहा-मधवापुर घाट मार्ग कटने के साथ ही कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस बार इसकी मरम्मत न हुई तो बरसात में क्षेत्रवासी परेशानियों का सामना करेंगे। वहीं उन्होंने जिले में रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती कराने की मांग की। जिससे विकास कार्यक्रमों को गति मिल सके और लोगों को योजनाओं का लाभ मिले।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने घोषित नवीन स्थानांतरण नीति में आकांक्षी जिलों में रिक्त पदों के सापेक्ष प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह न केवल सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता व निष्पक्षता को बढ़ावा देगा, बल्कि आकांक्षी जिलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने जिले में स्वीकृत पदों के सापेक्ष नियुक्ति कराने की मांग भी की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री ने समस्याएं सुनने के बाद उस पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।