भिनगा में ढहाए गए अतिक्रमण का दूसरे दिन भी जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा। -संवाद
श्रावस्ती। भिनगा नगर में तहसील के निकट सड़क किनारे सरकारी भूमि पर बने मकानों व दुकानों को बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से ध्वस्त कराया गया। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी मलबा हटाने का कार्य जारी रहा। इस दौरान बिजली आपूर्ति व आवागम सहित अन्य सुविधाओं के बाधित होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
ईदगाह तिराहे से तहसील गेट तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मकान व दुकान को जेसीबी व पोकलैंड मशीन की मदद से ईंट के ढेर में परिवर्तित कर दिया गया। दूसरे दिन भी छह जेसीबी व दो पोकलैंड मशीन से ध्वस्तीकरण के बाद मकान व दुकानों के मलबे को हटाने का कार्य जारी रहा।
इस दौरान भिनगा नगर के अधिकांश हिस्से में सुबह सात बजे से ही बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को सुबह पांच बजे से रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे पूरे नगर में अंधेरा पसरा रहा। वहीं, भिनगा-सिरसिया मार्ग पर आवागमन बाधित होने से लोगों को करीब तीन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर दीवानी न्यायालय व जिला अस्पताल आदि आना पड़ा।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगभग पूरी
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। शीघ्र ही मलबा हटवाकर अन्य समस्याओं को भी दूर कराया जाएगा।
-आशीष भारद्वाज, एसडीएम, भिनगा