प्रमाणपत्र के साथ विजेता छात्र व साथ में गुरुजन। -संवाद
गिलौला (श्रावस्ती)। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम लखनऊ की ओर से सुरभारती निगम विद्यापीठ गुरुकुल गिलौला में बुधवार को मंडलीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 27 छात्रों ने प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए मंडल के 33 छात्रों ने नामांकन कराया था। इनमें से 27 छात्रों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा के वित्त एवं लेखा अधिकारी दयाशंकर शुक्ल ने माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
संस्कृत गीत गायन में चौधरी राम बिहारी बुद्धा इंटर कॉलेज श्रावस्ती के छात्र दीपांशु पांडेय प्रथम स्थान पर रहे। नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज के छात्र शर्वा मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहे। श्लोक अंताक्षरी में राधा कृष्ण संस्कृत माध्यमिक विद्यालय तुलसीपुर के छात्र सोमदेव प्रथम व श्रीराम जानकी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय परासिया आलम बहराइच के छात्र अभिषेक कुमार को द्वितीय स्थान मिला।
इसी तरह सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राम जानकी शंकर विद्यालय परसिया आलम की छात्रा दीप्ति तिवारी व अभिषेक कुमार को प्रथम स्थान हासिल हुआ। बाल शिक्षा निकेतन बहराइच की छात्रा आराध्या श्रीवास्तव को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर गुरुकुल के प्रधानाचार्य अमरेश धर द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।