तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सरयू मुख्य नहर में बुधवार शाम कुछ ग्रामीणों को एक तिरपाल में बंधी लाश उतराते हुए दिखाई दी। इसकी सूचना लोगों द्वारा सोनवा पुलिस को दी गई। सोनवा थाना क्षेत्र के अडराई गांव के पास स्थित सरयू मुख्य नहर किनारे कुछ ग्रामीण टहल रहे थे।
इसी बीच नहर में एक तिरपाल में बंधी हुई महिला की लाश उतराती दिखाई दी। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक डॉ. देवेंद्र पचौरी के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने शव को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस द्वारा आसपास गांव में शव की शिनाख्त करवाई गई। लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। (संवाद)