तुलसीपुर (श्रावस्ती)। रामपुर कोड़री निवासी एक वृद्ध शुक्रवार को सब्जी बेचने गया था। जिसका शव सरयू नहर किनारे संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने पहचान के बाद शव के परिवारीजन के सुपुर्द कर दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के रामपुर कोड़री निवासी साधु राम (64) शुक्रवार को सब्जी बेचने के लिए गांव से निकला था। देर शाम साधु राम का शव थाना क्षेत्र के ही बाबू पुरवा गांव के पास स्थिति सरयू मुख्य नहर की पटरी पर पड़ा मिला। जबकि पास में ही उसकी साइकिल भी पड़ी मिली। राहगीरों ने शव को देखा तो इसकी सूचना डायल 112 व सोनवा पुलिस को दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सोनवा थाने के प्रभारी निरीक्षक ने सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराई। परिवारीजन के अनुसार वृद्ध की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। (संवाद)