जमुनहा (श्रावस्ती)। चचेरे नाना के साथ सोमवार को गेहूं बोने खेत गए कथरा माफी के मजरा कटोहला निवासी युवक का शव मंगलवार को संदिग्ध हालात में खेत में पड़ा मिला। युवक के चेहरे पर जहां चोट के निशान थे वहीं उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था। युवक के परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कथरा माफी के मजरा कटोहला निवासी बंशीलाल यादव (34) पुत्र आशाराम सोमवार को गेहूं की बोआई करने के लिए अपने चचेरे नाना के साथ खेत गया था। मंगलवार को बंशीलाल का शव खेत में पड़ा मिला। खेतों की ओर गए गांव निवासी रामफेरन पुत्र बैजनाथ यादव ने युवक का शव देख इसकी सूचना बंशीलाल के परिवारीजनों को दी। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। वहीं मुंह में खून भी लगा था।
इसके साथ मृतक का एक हाथ भी टूटा हुआ था। सूचना पाकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिवारीजनों के अनुसार बंशीलाल सोमवार को अपने चचेरे नाना श्रीराम पुत्र बैजनाथ के साथ गांव के उत्तर गेहूं की बोवाई के लिए गया था। जहां से वह वापस नहीं लौटा। परिवारीजनों ने यह सोच कर कि वह बर्फानी बाबा मेला देखने गया है, उसकी तलाश नहीं की।
परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के चाचा मालिकराम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बंशीलाल के पिता आशाराम की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। वह अपने पिता की इकलौता संतान था। उसकी मृत्यु के बाद जहां पत्नी किरण का संसार उजड़ गया। वहीं मासूम शिवम छह वर्ष, प्रवेश चार वर्ष, साक्षी डेढ़ वर्ष के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिवारीजनों सहित बच्चों का रो रोकर हाल बेहाल है।