इकौना (श्रावस्ती)। सेमगढ़ा के मजरा लोनियनपुरवा निवासी एक अधेड़ की लाश बुधवार सुबह गांव के निकट सरसों के खेत में मिली। अधेड़ दो दिन पूर्व परसौरा भट्ठे से घर जाने की बात कह कर निकला था। घर न पहुंचने पर परिवारीजन उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक के पुत्र की सूचना पर इकौना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सेमगढ़ा के मजरा लोनियन पुरवा निवासी अंगनू निषाद (50) पुत्र रामदीन थाना क्षेत्र के टंड़वा महंथ स्थित परसौरा भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करता था। उसके साथ उसके बेटे सुनील, सुभाष व कमलेश भी भट्ठे पर काम करते थे। जहां से अंगनू सोमवार को हफ्ता लेने के बाद साइकिल से घरेलू सामान पहुंचाने की बात कह कर घर के लिए निकला था। लेकिन जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इस बीच सुनील के पास बुधवार सुबह किसी ने फोन कर सूचना दी कि गांव निवासी मोहम्मद सुभान के खेत में एक अधेड़ युवक की लाश पड़ी है। उसकी टी-शर्ट, पैंट, जूता व तंबाकू की डिब्बी व बेल्ट सरसों के खेत में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे अंगनू के परिवारीजनों ने शव की शिनाख्त करते हुए इसकी सूचना इकौना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस मामले में मृतक के पुत्र सुभाष कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या व अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही प्रभारी निरीक्षक इकौना ज्ञानेंद्र पांडे को घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया है।