डीएम ने वज्रपात से बचाव को लेकर जारी की एडवाइजरी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। बरसात में बिजली गिरने व वज्रपात की घटनाएं घटित होने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। इससे जन व पशु हानि सहित मकान क्षतिग्रस्त होने तथा लोगों के घायल होने की घटनाएं ज्यादा होती हैं। ऐसे में बिजली से बचने के उपायों को अपनाया जाए। जिससे जनहानि से बचा जा सके।
ये बातें रविवार को डीएम कृतिका शर्मा ने जिलेवासियों के नाम जारी अपील में कही है। डीएम ने कहा है कि लोग अपने मोबाइल में दामिनी व सचेत ऐप डाउनलोड करें। जिससे वज्रपात की पूर्व सूचना मिल सके। इस व्यवस्था को अपनाने के साथ ही आपदाओं की पूर्व चेतावनियों एवं अलर्ट को आमजन तक समय से पहुंचकर आपदा को कम किया जा सकता है। दामिनी एप करीब 20 से 40 किलोमीटर क्षेत्र में संभावित लाइटिंग अलर्ट का नोटिफिकेशन देता है। इससे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा बचाव का अवसर मिलेगा।
ये न करें
वज्रपात से बचने के लिए पेड़ों के नीचे, मोबाइल टावर व ऊंचे मकान के नीचे शरण न लें। इसके अलावा लोहे की खिड़की, दरवाजे व हैंडपंप आदि न छूने, धातु से बने छाते का प्रयोग न करने, लैंडलाइन व बिजली के उपकरणों का उपयोग न करने, खुले वाहनों मेे सवारी न करने, बचाव के लिए जमीन पर न लेटने तथा तैराकी या नौकायन न करेने की सलाह दी गई है।
बचने के उपाय
यदि मौसम खराब हो तो तुरंत किसी पक्के मकान में शरण लें, आसपास सुरक्षित स्थान न होने पर दोनों कानों को बंद कर पैरों को सटा लें तथा घुटनों का टेक लेकर उकड़ू बैठ जाएं। घरों में विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग कर दें। यदि खेतों में हैं तो तुरंत सूखे स्थान पर चल जाएं। हाईटेंशन तारों, पोखरों, बिजली के खंभों व कटीले तारों से दूर रहें।
कलेक्ट्रेट में स्थापित हुआ बाढ़ कंट्रोल रूम
बाढ़ एवं अन्य आपदाओं की सूचनाओं के लिए कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय कक्ष के पास इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर आपदा कार्यालय में स्थापित बाढ़ कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर प्राप्त सूचनाओं को पंजिका में दर्ज करके उन सूचनाओं से प्रभारी अधिकारी कंट्रोमरूम को अवगत कराएंगे। जिसका नंबर 8545092198 है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। साथ ही एसडीएम पीके राय को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। तहसीलदार भिनगा के 9454416092, तहसीलदार इकौना के 9454416093, तहसीलदार जमुनहा के 9454416095 सीयूजी नंबर पर भी सूचना दे सकते हैं।
24 घंटे संचालित रहेगा आपदा नियंत्रण कक्ष
कहीं किसी भी आपदा व अन्य घटनाओं की सूचना संबंधित एसडीएम, तहसीलदार अथवा आपदा कंट्रोल रूम के नंबर पर दी जा सकती है। बाढ़ या किसी अन्य आपदा से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित है। -अरुण कुमार मिश्र, जिला आपदा विशेषज्ञ