श्रावस्ती। लोकसभा चुनाव में कोई व्यवधान न पड़े। इसके लिए पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी है। इतना ही नहीं लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के साथ ही समाज विरोधी तत्वों को चिह्नित कर उन्हें पाबंद भी करा रही है। ताकि चुनाव को निर्विघ्न संपन्न कराया जा सके।
चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही पुलिस की ओर से अपराध व अपराधियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया गया है। चुनाव में अमन चैन बना रहे। इसके लिए जिले के 1744 शस्त्र लाइसेंस धारकों में से 443 के असलहे जमा कराए जा चुके हैं। वहीं इकौना में प्रधानी चुनाव की रंजिश में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में एक शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कराया गया है। पुलिस ने अब तक 66 वारंटियों को गिरफ्तार किया। जबकि 53 की तलाश की जा रही है। जिले के 18 जिला बदर अपराधियों में से एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो वांछित की तलाश है। जिले के सभी गैंगस्टर मौजूदा समय जेल में हैं। विगत चुनाव में खलल डालने वाले 52 लोग जहां पुलिस की रडार पर हैं। वहीं पुलिस की ओर से 1159 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। जबकि 606 लोगों को पाबंद कराया गया है। जबकि 588 लोगों को अन्य मामलों में पाबंद कराया गया है।
नेपाल सीमा पर बने 12 चेकपोस्ट, पुलिस व एसएसबी तैनात
लोकसभा चुनाव में अमन चैन बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले में पड़ने वाली नेपाल सीमा पर 12 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाया गया है। जहां मंगलवार से पुलिस व एसएसबी के जवानों को तैनात किया गया है। बहराइच, बलरामपुर व गोंडा से लगने वाली जिले की सीमाओं के सभी प्रमुख मार्ग पर चेकपोस्ट बनाया जाएगा। जिन पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
-घनश्याम चौरसिया एसपी संवाद