कटरा (श्रावस्ती)। वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ जंग में स्वास्थ्य व मीडिया कर्मी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। इन्हीं की देन है कि जिले सहित देश व प्रदेश में अन्य देशों की अपेक्षा कोरोना संक्रमण की स्थिति धीमे है। ऐसे में इन कोरोना योद्धाओं को सम्मानित करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
यह बातें मंगलवार को बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती के दिगंबर जैन मंदिर में कोरोना योद्धाओं के सम्मान समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष स्वरूप चंद जैन ने कही। इस दौरान कोरोना योद्धाओं के रूप में मौजूद पुलिस, स्वास्थ्य व मीडिया कर्मियों पर समिति की ओर से पुष्प वर्षा करके उनको सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें हैंड सैनिटाइजर, गमछा, छाता आदि दिया गया।
इस दौरान जैन मंदिर के उपाध्यक्ष महेंद्र नाथ ने कहा कि यह योद्धा हमारे व हमारे क्षेत्र की जनता के लिए 24 घंटे दिन रात कड़ी मेहनत करके हमारे सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। अपनी जान को जोखिम में डालकर हम लोगों के सहयोग एवं रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ऐसे वीर योद्धा हमारे लिए सम्मान के पात्र है।
इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी तारकेश्वर पांडेय ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन रात कड़ी मेहनत करते हुए अपनी ड्यूटी को तन्मयता एवं निर्भीकता से करते हैं। चाहे किसी के धर्म का धार्मिक त्यौहार हो या राजनीति मामला हो सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए अपनी ड्यूटी को निष्ठा पूर्वक इमानदारी से निभाते हैं। ऐसे योद्धाओं को हम धन्यवाद देते हैं। इस मौके पर सुधीर कुमार जैन, प्रकाश जैन, सुनील कुमार जैन, राजेश कुमार जैन, श्रावस्ती चौकी प्रभारी अनिल कुमार दीक्षित आदि मौजूद रहे।