श्रावस्ती। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में हो रहे प्रयासों की रविवार देर रात डीएम ने समीक्षा की। इसके साथ ही मातहतों को कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराने व इसके बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश भी दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार रात जिलाधिकारी टीके शिबू की अध्यक्षता में कोविड रोकथाम के लिए बैठक हुई। इसमें कोविड-19 की रोकथाम के लिए शासन द्वारा जारी निर्देशों व आदेशों का सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से पालन कराने का निर्देश दिया गया जिससे कोरोना मरीज किसी भी दशा में बढ़ने न पाएं।
डीएम ने कहा कि इस बीमारी से लोगों को बचाने के लिए अभी और जागरूकता की आवश्यकता है जो जन सहयोग से ही संभव है। इससे बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने के साथ अनिवार्य रूप से मास्क लगाना होगा। इसके लिए लोग आगे आएं व स्वयं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, मास्क लगाएं तथा अपने आस-पड़ोस के लोगो को भी इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें।
डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 397 तथा नगरीय क्षेत्रों में 37 निगरानी समितियों द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों द्वारा इस रोग के लक्षण खांसी, गले में खराश, बुखार, सांस लेने में तकलीफ अथवा कोविड-19 रोगी से निकट संपर्क होने की दशा में तत्काल सर्विलांस टीम निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जनपद स्तरीय स्थापित इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एवं कमान सेंटर श्रावस्ती के फोन नंबर 9454417486, 9454417485, 9044047486 , 9044287486 पर अवगत कराने की अपील की।
एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रयास के बारे में जानकारी दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे, अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, डीपीआरओ किरन व अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।