मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर इकौना के कंपोजिट विद्यालय जयचंद्रपुर कटघरा को किया जा रहा चाक चौबंद
- फोटो : SRAWASTI
इकौना (श्रावस्ती)। सीएम योगी सोमवार चार अप्रैल को श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय जयचंद्र पुर कटघरा से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम आयोजन स्थल पर जुट कर तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने में जुटी है। सीएम योगी के कार्यक्रम के दृष्टिगत ही रविवार आधी रात से बौद्ध परिपथ पर आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 04 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे जिले में पहुंचेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र के ग्राम जयचंदपुर कटघरा स्थित कंपोजिट विद्यालय से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान बेसिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने और प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया को शत प्रतिशत स्तर पर पूरा कराने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम जयचंदपुर कटघरा में डेरा डालकर सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने में जुटी है। इस दौरान मुख्यमंत्री को सब कुछ बेहतर व व्यवस्थित दिखाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आयोजन स्थल के आस पास से जुड़े इलाकों में सड़क, बिजली, पानी के साथ ही साफ सफाई की व्यवस्थाओं को भी पूरी तरह चाक चौबंद बनाया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी ने बताया कंपोजिट विद्यालय जयचंद्रपुर कटघरा में कुल नामांकित छात्रों की संख्या 246 है। अभी तक कक्षा एक में 5 व कक्षा छह में 15 छात्रों का नामांकन किया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए क्षेत्र के 40 शिक्षिकाओं को लगाया गया है। साथ ही प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बने पुस्तकालय को सुसज्जित कर विद्यालय भवन, खेल पार्क व पंचायत भवन का रंग रोगन भी कराया जा रहा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन
4 अप्रैल को इकौना आ रहे हैं सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम रहेंगे। इसके लिए रूट डायवर्जन के साथ ही बौद्ध परिपथ से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर सोमवार को आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने दी। उन्होंने बताया कि बहराइच से इकौना बलरामपुर की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को दुनक्का (बहराइच) से गोडा की तरफ डायवर्ट किया जायेगा। बलरामपुर से इकौना होते हुए बहराइच की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को गोंडा की तरफ डायवर्ट किया जायेगा। इस दौरान सभी प्रकार की गन्ने की गाड़ियां प्रतिबंधित रहेगी।