श्रावस्ती। जिले में 20 नवंबर को कलेक्ट्रेट के तथागत हाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एक सप्ताह में आवेदन पत्र जांच पूरी कर पात्रों की सूची उपलब्ध कराएं।
यह बातें गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने अधिकारियों से कहीं। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिथिलता पर संबंधितों को दंडित किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि विकास खंड इकौना, सिरसिया, हरिहरपुररानी, गिलौला व जमुनहा में 30-30, भिनगा व इकौना में 05-05 तथा जिला पंचायत को 15 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का लक्ष्य दिया गया है। सामूहिक विवाह का कार्यक्रम 20 नवंबर 2020 को तथागत सभागार भिनगा में आयोजित किया जाएगा।
संबंधित अधिकारी तत्काल आवेदनों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सीडीओ ने पेंशन, शादी योजना व कन्या सुमंगला योजना में विकास खंड स्तर पर लंबित आवेदन पत्रों और हार्ड कापी के बारे में नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह में इन कार्यों को सभी बीडीओ व बीईओ को पूरा कर अवगत कराने को कहा।
डीपीओ आशा सिंह को सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कराने व कन्या सुमंगला योजना का अधिकाधिक फार्म भराने, डीआईओएस, बीएसए व सभी बीडीओ को ज्यादा से ज्यादा आवेदन कराने को कहा। अनुसूचित जाति की ऋण पत्रावली प्रेषण करने व स्वीकृति के लिए सभी बीडीओ व बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारियों को विद्यालयवार पंजीकृत छात्र संख्या के सापेक्ष किए गए आवेदनों की समीक्षा करने, एक सप्ताह बाद निर्धारित प्रारूप पर सूचना डीआईओएस के माध्यम से प्रस्तुत करने, आय-जाति प्रमाण पत्र या खाता खोलने तथा आधार संशोधन में समस्या पर एसडीएम व एलडीएम को बताते हुए उसका विवरण डीआईओएस को भेजने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी लोगों की काउंसलिंग करके भरण पोषण अधिनियम की सुविधा दिलाने, नशामुक्त भारत अभियान, अवैध शराब बिक्री, नेहरू युवा केंद्र, मिशन शक्ति तथा एनआरएलएम की समीक्षा की। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, आश्रम पद्धति विद्यालय भयापुरवा व कटकुइंया सिरसिया में अध्यापकों की कमी, क्रिटिकल गैप से किचन शेड निर्माण कार्य की समीक्षा की।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन, जिला प्रोबेशन अधिकारी चमन सिंह, जिला पिछड़ावर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, सभी बीडीओ, डीआईओएस चन्द्रपाल, जिला आबकारी अधिकारी पीके गिरी, ज्योति प्रकाश पांडेय, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान अजीत उपाध्याय, गुलशन जहां आदि मौजूद रहीं।