हादसे में जान गंवाने वाले जीजा-साले।
कटरा। नवीन मॉडर्न क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात जेतवन इंटर कॉलेज के पास बुलेट सवार जीजा-साले की सड़क हादसे में मौत हो गई। इससे दोनों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। कोतवाली भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरी चकपिहानी के नाकचिरवा निवासी राजेश कुमार मिश्रा (40) बृहस्पतिवार को अपने जीजा बहराइच के मनिकापुर निवासी टिंकू तिवारी (42) के साथ बुलेट से बलरामपुर गए थे। वहां से देररात में घर लौट रहे थे।
इस दौरान बौद्ध परिपथ पर जेतवन इंटर काॅलेज के पास सड़क पर अचानक आए मवेशी से टकराकर दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। दोनों उठने का प्रयास ही कर रहे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। नवीन मॉडर्न थाना प्रभारी जयहरि मिश्रा ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह पहले ही दिल्ली से आए थे राजेश
परिजनों ने बताया कि हादसे में मृत हुए राजेश मिश्रा आजीविका के लिए दिल्ली में रहते थे। एक सप्ताह पहले ही वो घर वापस लौटे थे, इससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। किसी निजी काम के लिए वो जीजा टिंकू तिवारी के साथ बलरामपुर गए थे। जहां से लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले जीजा-साले।