गिलौला। ग्राम पंचायत लक्खीभारी में बृहस्पतिवार रात मुहर्रम का ढोल देखने को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लक्खीभारी गांव में बृहस्पतिवार रात मुहर्रम का ढोल बजाया जा रहा था। ढोल देखने के लिए गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान भीड़ में मौजूद गांव निवासी दिलशाद व अरबाज में किसी बात पर विवाद हो गया। इसकी जानकारी होने पर दोनों के परिजन भी पहुंच गए और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे एक पक्ष से जान मोहम्मद व अलताब और दूसरे पक्ष से दिलशाद व उनके भाई अन्नान घायल हो गए। सभी को सीएचसी इकौना पहुंचाया गया, जहां से दिलशाद व अन्नान को जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।