तुलसीपुर। हरदत नगर गिरंट क्षेत्र में जमुनहा-बहराइच मार्ग पर बंजारनपुरवा के पास सड़क पार कर रहे बालक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
हरदत नगर गिरंट थाना क्षेत्र के बंजारनपुरवा निवासी यासीन मोहम्मद(08) बुधवार शाम गांव के पास ही सड़क पार कर रहा था। इस दौरान गुजरी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने बताया कि यासीन कार में फंस गया और कुछ दूर तक कार के साथ घिसटता रहा। जिसके चलते यासीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। हादसे की सूचना पर बदला चौकी प्रभारी चंदन प्रजापति मौके पर पहुंचे और जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।