कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्याक्रम में आउटसोर्स कर्मियों को सम्मानित करती डीएम।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित कर लखनऊ के लोकभवन में हुए आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कर्मियों को दिखाया गया। इस दौरान 15 आउटसोर्स कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अन्नपूर्णा गर्ग, एडीएम ललित कुमार, विधायक प्रतिनिधि अवधेश पांडेय व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डीएम ने बताया कि आउटसोर्स निगम के तहत कर्मियों को प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच मानदेय का भुगतान किया जाएगा। नए व पुराने सभी कार्मिकों के ईपीएफ व ईएसआई खाते खोले जाएंगे और मानदेय सीधे बैंक खातों में भेजा जाएगा। मनमानी व असमान कमीशन व्यवस्था समाप्त कर पारदर्शी तंत्र बनाया जाएगा। निगम कर्मचारियों की शिकायतों के निस्तारण में प्रभावी भूमिका निभाएगा। इससे प्रदेश के सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय व सुविधाओं में एकरूपता आएगी। कार्यक्रम में नगर पालिका भिनगा के 10 और नगर पंचायत इकौना के पांच कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम रवेन्द्र कुमार, ईओ भिनगा डॉ. अनीता शुक्ला समेत अन्य मौजूद रहे।