श्रावस्ती। दीपावली, धनतेरस, भैया दूज, मनचिंता, कार्तिक पूर्णिमा मेला सहित अन्य त्योहारों को लेकर बुधवार को एसपी ने कार्यालय सभागार में थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहार पर अमन-चैन बिगड़ा तो संबंधित थाना व चौकी प्रभारी जिम्मेदार होंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना व अपराध नियंत्रण प्राथमिकता है। अभियान चलाकर तत्काल कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाएं। जुआं के फड़ न लगने दें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखें। थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की जांच करें। सर्राफा की दुकानों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करें। बैठक में एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ नगर अतुल कुमार चौबे, सीओ इकौना महेंद्र पाल शर्मा, प्रशिक्षु सीओ सतीश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।