तहसीलदार पर भ्रष्टाचार का अधिवक्ताओं ने लगाया आरोप, आम सभा की बैठक में बनी रणनीति
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना में तैनात तहसीलदार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इकौना तहसील अधिवक्ता संघ आंदोलित है। मंगलवार को अधिवक्ताओं ने आमसभा की बैठक कर तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग की। साथ ही स्थानांतरण न होने पर दस जनवरी को तहसील गेट के सामने बौद्ध परिपथ पर चक्का जामकर प्रदर्शन करने की घोषणा की।
इकौना में तैनात तहसीलदार पीके राय की कार्यप्रणाली से इकौना तहसील अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता नाराज हैं। तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर इकौना तहसील स्थित एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित चकबंदी न्यायालयों के बहिष्कार की घोषणा की गई है। मंगलवार को हुई आमसभा की बैठक में इकौना तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता तब तक सभी अधिवक्ता इन न्यायालयों का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे। साथ ही अपनी मांगों के समर्थन में 10 जनवरी को तहसील गेट पर चक्का जामकर आंदोलन करेंगे।
महामंत्री श्रीधर दूबे ने कहा कि तहसीलदार मामूली विवाद की पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लटका रहे हैं। इतना ही नहीं बैनामे की अमलदरामद व भूमि पैमाईश जैसे छोटे-छोटे मामलों के निस्तारण के लिए पैसे की मांग की जा रही है। उनका अधिवक्ताओं के प्रति व्यवहार भी अच्छा नहीं है। ऐसे में डीएम को पत्र भेजकर उनके स्थानांतरण की मांग की जा रही है। यदि मांग पूरी न हुई तो अधिवक्ता आंदोलन की राह पकड़ने को विवश होंगे। इस दौरान संघ के पूर्व अध्यक्ष दिलीप कुमार शर्मा, पाटेश्वरी प्रसाद मिश्रा, रामकुमार शुक्ला, बंसराज शुक्ला, अरुणेंद्र कांत सिंह आदि मौजूद रहे।