श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को व्यापारी कल्याण बोर्ड की बैठक आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता एडीएम कमलेश चंद्र बाजपेई ने की। इसमें मौजूद व्यापारियों ने आवागमन के संसाधनों की कमी का मामला उठाते हुए भिनगा में परिवहन निगम डिपो स्थापित कराने तथा लखनऊ से शाम सात बजे व रात नौ बजे भिनगा के लिए सीधी बस सेवा संचालित कराने की मांग की। कारोबारियों की मांग को एडीएम बाजपेई ने न्यायोचित मानते हुए इस परेशानी को दूर कराने के लिए डीएम के माध्यम से परिवहन विभाग को शासकीय पत्र भिजवाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में व्यापारी नेता दीनानाथ गुप्ता ने कहा कि जिला स्थापना को 23 साल पूरे हो चुके हैं। इसके बावजूद भिनगा में परिवहन निगम का एक भी डिपो नही है। भिनगा से जमुनहा, गिलौला, इकौना, सिरसिया, लक्ष्मनपुर बाजार के लिए निगम की सीधी बस सेवा संचालित नहीं होती है। लखनऊ से अपना काम निपटा कर शाम पांच बजे के बाद भिनगा वापस आने वाले व्यापारियों व आम यात्रियों का भी रात में भिनगा पहुंचना संभव नहीं हो पाता।
रात 11 बजे बहराइच से भिनगा आने वाली बस के आने की कोई गारंटी नहीं रहती। इससे लोगों को पूरी रात सड़क किनारे बैठकर बिता कर परेशान होना पड़ता है। इस लिए भिनगा में तत्काल परिवहन निगम डिपो की स्थापना कराई जाए। जब तक ऐसा नहीं होता तब तक लखनऊ से शाम सात बजे व रात नौ बजे भिनगा के लिए सीधी बस सेवा संचालित कराई जाए। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, एडिसनल कमिश्रर व्यापार कर, उद्योग विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।