इकौना (श्रावस्ती)। सीओ ने बुधवार को इकौना थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी सहित विवेचकों के साथ बैठक कर अपराध की समीक्षा भी की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को शीघ्र पूरा करने व वांछितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना महेंद्र पाल शर्मा ने बुधवार को थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय व परिसर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी सहित विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से यथाशीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने अपराध रजिस्टर, एक्टिव लिस्ट, बीट सूचना रजिस्टर, फ्लाई शीट रजिस्टर व हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं की समस्या को सरलता पूर्वक सुनकर उसका यथाशीघ्र निस्तारण करों।
उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, बैरक व परिसर आदि का भ्रमण किया। इस दौरान मिलीं कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बकरीद व श्रावण मास को देखते हुए शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का निर्देश दिया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।