श्रावस्ती। गरीब वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए रविवार को सभी शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसकी शुरूआत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा में डीएम व श्रावस्ती विधायक द्वारा फीता काटकर की गई। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में सहयोग के लिए एनसीसी कैडेट वालंटियर्स के रूप में मौजूद रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला की शुरुआत करते हुए जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि जिले में कम आय वर्ग के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की एक बार पुन: शुरुआत की गई है। कोविड-19 के कारण मार्च 2020 से इस साप्ताहिक मेले का आयोजन स्थगित कर दिया गया था। जिसकी अब पुन: शुरुआत की गई है। लोगों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए प्रत्येक रविवार को शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा।
श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा शुरू किया गया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला गरीबों के लिए वरदान साबित होगा। उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अब दूर नहीं जाना होगा। उन्हें अपने ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। सीएचसी इकौना के अधीक्षक डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वैच्छिक संगठनों व एनसीसी कैडटों की मदद ली जा रही है।
मेले में आयुष्मान लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। जिन लोगों को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री द्वारा पत्र या प्लास्टिक कार्ड प्राप्त हुए और गोल्डन कार्ड अभी भी नहीं बना है। वह आधार कार्ड व राशन कार्ड के साथ मेले में उपस्थित होकर गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं। स्वास्थ्य मेले में आने वालों की बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच, गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण, दवा दी जाती है। निशुल्क जांच भी होती है।
निशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण के साथ ही नसबंदी के लिए पंजीकरण, आंखों की जांच, परिवार नियोजन के अस्थायी साधन उपलब्ध कराया जा रहा है। मेले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्टॉल लगाया गया। साथ ही यहां आने वालों को होम्योपैथिक व एलोपैथिक दवा भी दी गई। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, एसडीएम इकौना राजेश मिश्र, डॉ. अनिल त्रिपाठी, डॉ. कृष्ण देव सिंह, सुमन सौरभ, सुभाष पाठक, अब्दुल हन्नान, जेपी गौतम, श्यामू सिंह, राजकुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।