श्रावस्ती। श्रावस्ती एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवा प्रारंभ होगी। इसके लिए तैयारियां पहले से ही अंतिम चरण में थीं। मगर अब बजट में पैसा मिलने से इस परियोजना को गति मिलेगा। जल्द ही यहां से बौद्ध सर्किट के साथ ही दिल्ली व लखनऊ के लिए हवाई सेवा प्रारंभ होगी। इस सेवा के शुरू होते ही जिले में बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
रीजनल कनेक्टिविटी प्रोग्राम के तहत बौद्ध तपोस्थली को हवाई सेवा से जोड़ने की योजना जिले में पहले से लागू थी। इसी योजना के तहत श्रावस्ती हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील किया गया था। एयरपोर्ट में तब्दील होने के बाद यहां काम तेज हो गया था। रीजनल कनेक्टिविटी प्रोग्राम के तहत हुए इस परिवर्तन के बाद बौद्ध केंद्रों को आपस में हवाई सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से इस हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील करने का कार्य प्रारंभ हुआ।
इसके लिए कई बार जमीन की खरीद व क्षेत्र का विस्तार भी किया गया। धीरे-धीरे एयरपोर्ट का कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया। धनाभाव में अभी भी यहां का कुछ काम अवशेष था। मगर राज्य सरकार ने बजट में भारत सरकार के रीजनल कनेक्टिविटी प्रोग्राम, उड़ान योजना के तहत धन आवंटित कर एयरपोर्ट को मार्च 2021 में ही पूर्ण करने का प्राविधान किया है।
इसके बाद एयरपोर्ट नियमित उड़ान के लिए तैयार हो जाएगा। प्रशासन का दावा है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी अप्रैल तक श्रावस्ती एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार हो जाएगा। पहले चरण में यहां से बौद्ध सर्किट (सारनाथ, कुशीनगर, गया आदि) को हवाई सेवा से जोड़ने के साथ-साथ दिल्ली व लखनऊ को आपस में जोड़ने का प्लान है।
कटरा के खरगूपुर स्थित हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील करने के लिए उसका विस्तार किया गया है। इसके लिए करीब दस करोड़ 93 लाख 88 हजार रुपये से 11.15 हेक्टेअर भूमि की खरीद भी हुई है। इस हवाई पट्टी का विस्तार करते हुए 1,525 मीटर लंबा व 60 मीटर चौड़ा करने का कार्य भी पूरा हो गया है। इसके साथ ही हवाई पट्टी की 4,000 मीटर बाउंड्रीवाल, रन-वे, एप्रन, टैक्सी वे, रोड, फायर स्टेशन, टर्मिनल बिल्डिंग का रेनोवेशन का कार्य पूर्ण हो गया है। हवाई पट्टी पर पांच वाच टावर बनकर तैयार हो चुके हैं। रन-वे के समानांतर ग्रेडिंग का कार्य चल रहा है।
श्रावस्ती एयरपोर्ट को पहले चरण में बौद्ध सर्किट को जोड़ने की पहल की जा रही है। इससे सारनाथ (वाराणसी), कुशीनगर सहित कई बौद्ध केंद्र हवाई सेवा से जुड़ेंगे। इसके साथ ही लखनऊ व दिल्ली के लिए भी हवाई सेवाएं प्रारंभ होंगी।
एडीएम योगानंद पांडेय ने बताया कि श्रावस्ती एयरपोर्ट का काम तेज गति से चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि आगामी मार्च माह तक सभी कार्य पूरे कराकर उड़ान सेवा प्रारंभ की जाएगी।