श्रावस्ती। हरदत्तनगर गिरंट पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी दौलत अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व 600 रुपये नकद मिले हैं।
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि हरदत्तनगर गिरंट थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय मंगलवार रात टीम के साथ गश्त कर रहे थे। उसी दौरान नेमराज पाठक की हत्या व लूट के वांछित आरोपी दौलत अली के देवरनिया नहर पुल के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर थाना प्रभारी ने एसओजी प्रभारी दीपक कुमार दुबे की टीम व सर्विलांस सेल प्रभारी शादाब आलम की टीम के साथ दौलत अली की घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख दौलत अली ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया। उसके पास से तमंचा, एक कारतूस व 600 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
सोना पाने के लिए की थी हत्या
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि दौलत अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोने के लालच में हरदत्तनगर निवासी सुनील कुमार पाठक के पिता नेमराज पाठक की घर में घुसकर हत्या कर दी थी। सभी ने नेमराज पाठक के हाथ बांधकर सोने के बारे में पूछा और न बताने पर उन्हें मार डाला। घटना में शामिल दो आरोपियों गन्नू लोनिया उर्फ राजू चौहान और ओम प्रकाश वर्मा को 15 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया था। दौलत अली ने बताया कि नेमराज को उसके साथी दद्दन लोनिया ने चाकू घोंपकर मारा था। दौलत अली का लंबा आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 12 प्राथमिकी दर्ज हैं।