श्रावस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में बनाए गए संकलन केंद्र में 144983 उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। इन्हें परीक्षा केंद्रों पर भी भेजा जा रहा है। हाईस्कूल में 64603 ए उत्तर पुस्तिकाएं व 25852 बी उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गईं हैं।
हाईस्कूल कला के लिए 11234 उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुईं हैं। इंटरमीडिएट के लिए 41924 ए व 12577 बी सहित कला की 21076 उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गईं हैं। टिश्यू पेपर भी मुहैया कराया गया है। परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या का 90 से 95 प्रतिशत ही उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा रहीं हैं। संकलन केंद्र व्यवस्थापक ज्योति प्रकाश पांडे का कहना है कि दस से बारह प्रतिशत परीक्षार्थी प्रतिवर्ष परीक्षा में शामिल नहीं होते हैं। इसी वजह से दस से पांच प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाएं कम भेजी जाती हैं।
बुधवार या बृहस्पतिवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रश्न पत्र भेजे जा सकते हैं। इन्हें संकलन केंद्र में बनाए गए डबल लाॅक में सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी त्रिस्तरीय निगरानी भी कराई जाएगी ताकि कोई छेड़छाड़ न हो।
जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षणरत बच्चों का प्रवेश पत्र उपलब्ध कराया जा चुका है। परीक्षार्थी अपने विद्यालय जाकर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
- संत प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक