श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र में सैनिक मार्ग पर शनिवार रात एक बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय से घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम ककरदरी निवासी राजू (27) शनिवार को सिरसिया क्षेत्र के ग्राम भरथा निवासी अपनी बड़ी बहन नीता के घर घूमने के लिए गए थे। वहीं से बहनोई सीताराम (28) व उनके रिश्तेदार गगन (15) के साथ नेपाल सीमा क्षेत्र के ग्राम विरता में घूमने चले गए थे।
देर रात वह अपने घर लौट रहे थे। तभी सैनिक रोड पर ग्राम खैरी तराई के निकट सामने से आ रहे टेंपो की लाइट से राजू की आंखें चौंधिया गईं और उनकी बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के रेलिंग से टकरा गई। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि राजू का सिर धड़ से कटकर अलग हो गया।
हादसे में बाइक पर बैठे सीताराम और गगन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर 62वीं वाहिनी की भरथा सीमा चौकी के कमांडर उपनिरीक्षक शशिकांत व सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिंह जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।
राजू के शव को राजपुर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि चालक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजू की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।