वीरपुर (श्रावस्ती)। कटरा के मरवटिया गांव में शुक्रवार देर शाम घर के बाहर खेल रहे बालक को तेज रफ्तार पिकअप ने उसे रौंद दिया। परिवारीजन उसे सीएचसी इकौना ले गए, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके से भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर वाहन सहित पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
कटरा का मरवटिया गांव कटरा वीरपुर मार्ग किनारे स्थित है। गांव निवासी पृथ्वीराज यादव का आठ वर्षीय पुत्र अमरदीप शुक्रवार देर शाम अपने घर के निकट बेहा भट्ठा के पास खेल रहा था। इस दौरान कटरा से वीरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बालक को रौंद दिया। घटना में अमरदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन सहित मौके से भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। वहीं परिवारीजन अमरदीप को सीएचसी इकौना ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष योगेश सिंह का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिली तो केस दर्ज कर आरोपी चालक को जेल भेजा जाएगा। अमरदीप के चार भाई देवीदीन (19), विजय (16), दीपक (10), अवधेश (5) और बहन अंशिका (3) थी। अमरदीप की मौत के बाद मां मायादेवी सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।