श्रावस्ती। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 491 मामले आए, जिनमें से सिर्फ 44 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा हो सका। इस दौरान भिनगा में डीएम, इकौना में सीडीओ व जमुनहा में एडीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की।
भिगना में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ओपी आर्य ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण करने का निर्देश दिया। डीएम ने जिलापूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र व अपात्र व्यक्ति का नाम काटने व जोड़ने से पहले ग्राम पंचायत स्तर से जांच कराई जाए।
इसके बाद ही नामों को सूचीबद्ध किया जाए। अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति में हो रही ट्रिपिंग व्यवस्था को दुरुस्त करें। परियोजना निदेशक से कहा कि प्रधानमंत्री आवास के लिए जो आवेदक पात्र है या अपात्र है उनकी सूचना संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी के माध्यम से भेजना सुनिश्चित करें।
जिससे लोगों को भटकना न पड़े। उन्होंने वरासत के मामलों, निवास, जाति, आय प्रमाण पत्र सहित मेड़बंदी आदि समस्याओं को तत्काल निस्तारित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके निराकरण के लिए थानाध्यक्षों को निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनें, तथा उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटारा कराएं। यदि जिले में किसी भी थाना क्षेत्र में कोई भी फरियादी किसी भी थानाध्यक्ष की ओर से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने की शिकायत करता है तो निश्चित ही उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान यहां कुल 141 शिकायतें आई। इनमें से मात्र 11 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। जमुनहा तहसील में कुल 40 शिकायतें आईं, इनमें से दो शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। वहीं इकौना तहसील में कुल 338 शिकायतें आई। इनमें से 31 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया।