श्रावस्ती। ईवीएम में वोट डालते हुए सांसद व उनकी पत्नी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सांसद व उनकी पत्नी फोटो में ईवीएम पर भाजपा का बटन दबाते व फोटो खिंचाने की मुद्रा में साफ दिख रहे हैं। अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में वोट देते सांसद व उनकी पत्नी की फोटो वायरल होने से चुनाव के दौरान बरती गई पारदर्शिता व पोलिंग बूथों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है। फोटो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है।
श्रावस्ती लोकसभा सीट के लिए जिले में रविवार को मतदान हुआ था। सांसद व भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र और उनकी पत्नी विमला मिश्रा का नाम भी यहां की मतदाता सूची में शामिल है। इनका मत अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में बनाए गए पोलिंग बूथ पर पड़ना था।
आयोग ने बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। मगर सांसद दद्दन मिश्र ने न केवल अपनी बल्कि अपनी पत्नी विमला मिश्रा की भी ईवीएम में भाजपा को वोट देते फोटो खिंचवाई। ये फोटो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिस पर लोगों के कमेंट भी आने लगे।
मामले को लेकर लोग जहां निर्वाचन आयोग व प्रशासन पर लापरवाही व पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं। वहीं मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व पारदर्शिता पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। इस फोटो के सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है।
इस बारे में एडीएम योगानंद पांडेय का कहना है कि मतदान की गोपनीयता भंग करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 131 (1) (ख) के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें अर्थदंड के साथ-साथ सजा का भी प्रावधान है।