श्रावस्ती। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। रविवार को आई रिपोर्ट में जिले में कुल 33 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें से नौ लोग इकौना के निवासी है। सभी को लेवल वन हॉस्पिटल भेजा गया है। वहीं संक्रमितों के घर के आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लोगों की ओर से कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन नहीं किए जाने के कारण अब मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार को आई रिपोर्ट में इकौना कस्बे में मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।
इसके साथ ही नगर के मोहल्ला मुबारक नगर में एक, ग्राम भमरी भगवानपुर में एक, ग्राम कटरा में एक, ग्राम बनकटा में एक, ग्राम सोनरई में एक व इकौना एलआईसी ऑफिस के गनर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली।
इसके साथ ही जिले में 24 अन्य लोग ट्रूनॉट मशीन से हुई जांच में संक्रमित मिले। सभी को लेवल वन हॉस्पिटल भेजा गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। जिले में अब तक 20075 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 19417 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है।
562 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से आठ लोगों की संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमित मिलेें, वहां 200 मीटर परिधि को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब तक 154 पहुंच चुकी है।
इनमें से 97 जोन अब भी सक्रिय हैं। वहीं इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आये सभी लोगों की जांच कराई जाएगी। साथ ही संक्रमित मरीज मिलने वाले क्षेत्रों को हॉटस्पॉट घोषित कर बैरिकेडिंग करने के लिए संबंधित एसडीएम को पत्र लिखा गया है।