श्रावस्ती। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अब हाईटेक व सुसज्जित किया जाएगा। इसके लिए ऑपरेशन कायाकल्प चलाया जाएगा। इसकी सफलता के लिए बुधवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान पता चला कि जिले में अभी 252 विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल नहीं है। 14 विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल निमार्णाधीन है।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को कान्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर हाईटेक व सुसज्जित किया जाएगा।
ऐसे में जिन 14 विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण हो रहा है, उसे जल्द से जल्द पूरा करें। साथ ही 252 विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा ने बताया कि जिले के 889 विद्यालयों में विद्युतीकरण के लिए धन पावर कार्पोरेशन को भेज दिया गया था। अभी तक मात्र 660 विद्यालयों में ही विद्युतीकरण हो सका है।
इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद अधिशाषी अभियंता पावर कार्पोरेशन रमाशंकर मौर्य को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय इकौना के सुदृढ़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को 8.50 लाख रुपये दिया गया था। इसके बावजूद कार्य अब तक अधूरा है।
इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मात्र 112 विद्यालयों में रंगाई पुताई व पेंटिंग कराने की जानकारी मिलने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने बीएसए को सभी विद्यालयों में कार्य पूरा कराने को कहा।
530 नए अध्यापकों के सत्यापन का कार्य पूरा न होने पर उन्हें वेतन न मिल पाने की जानकारी पर बीएसए को फटकार लगाते हुए अविलंब सत्यापन कराकर वेतन भुगतान कराने को कहा। इस मौके पर सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।