श्रावस्ती। विद्युत चोरी रोकने के लिए अब लाइनमैन के साथ स्पेशल पुलिस भी छापेमारी करेगी। इसके लिए एंटी पावर थेफ्ट पुलिस थाने का गठन किया गया है।
पंद्रह जनवरी से विद्युत उपकेंद्र भिनगा से थाने का संचालन होगा। इसी के साथ ही इस थाने में ही अब विद्युत चोरी रोकने के सारे मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
विद्युत चोरी करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। पावर कार्पोरेशन दस्ता अब तक विद्युत चोरी करने वालों की सूची थानों को सौंपता था। इसके बाद आगे की कार्रवाई होती है।
अब विद्युत चोरी रोकने के लिए अलग से ही थाने का गठन किया जा रहा है। 15 जनवरी से यह थाना अपना कार्य प्रारंभ करेगा।
इसके लिए विद्युत उपकेंद्र में स्थित एक आवास को ही फिलहाल अस्थाई थाने के रूप में आवंटित किया गया है। इस थाने में अलग से पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी।
यह पुलिस कर्मी विद्युत चोरी रोकने के लिए निकलने वाली प्रवर्तन टीम के साथ जाएंगे। टीम विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ मुकदमा दर्ज कराएगी।
मुकदमे की जांच भी यही पुलिस करेगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन रमाशंकर मौर्या ने बताया कि मुख्य अभियंता का पत्र मिला था।
इसी पत्र के अनुपालन में जिले में एंटी पावर थेफ्ट पुलिस थाना स्थापित करने के लिए उपकेंद्र में ही भवन का आवंटन कर दिया गया है। पंद्रह जनवरी से थाना संचालित हो जाएगा।
यही नहीं थाने में फर्नीचर इत्यादि उपलब्ध कराने के लिए भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह थाना अस्थाई भवन में रहेगा। इसके बाद स्थायी थाना निर्माण के लिए जमीन का आवंटन किया जाएगा।