श्रावस्ती। मल्हीपुर पुलिस ने शनिवार को अंतरजनपदीय आटो लिफ्टर गैंग का खुलासा किया। पुलिस ने गैंग के सरगना सहित चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया।
इनके पास से अलग अलग जिलों से चोरी की गई 13 मोटरसाइकिल भी बरामद हुई हैं। सभी के खिलाफ मल्हीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जिले में वाहन चोर गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह आसपास के जिलों से वाहनों की चोरी कर उसे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में बेच रहा था।
इसकी लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिया था।
थाना प्रभारियों ने गिरोह के खुलासे के लिए मुखबिरों को लगाया था। शुक्रवार देर शाम मल्हीपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोगों की ओर से चोरी की मोटरसाइकिल थाना क्षेत्र के ग्राम चौबेडीह में जंगल के पास स्थित मजार के निकट झाड़ियों में एकत्र की जा रही है।
इसे किसी वाहन में लादकर पड़ोसी राष्ट्र नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ सिंह ने एसआई विक्त्रस्मादित्य, नरेंद्र पाल सिंह, अरविंद कुमार मिश्रा, रवींद्र कुमार सिंह, राजीव कुमार मिश्रा, मोहम्मद नसीम खां, राजन सिंह, जय प्रकाश सिंह के साथ बताए गए स्थान की घेराबंदी की।
जहां से टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने मौके से 13 मोटर साइकिलें बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू निवासी नासिरगंज थाना सोनवा, विश्राम निवासी श्रीनगरा थाना मल्हीपुर, परशू निवासी जालिमनगर दाखिला ठोकरपुर थाना मोतीपुर बहराइच व तोताराम वर्मा निवासी रमवापुर थाना सोनवा के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मल्हीपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।