चौधरी रामबिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों की तलाशी लेते शिक्षक। - संवाद
श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड परीक्षा का आयोजन कर रहा है। सोमवार को हाईस्कूल के 1209 व इंटर के 515 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। वहीं, कुल 18472 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों की परीक्षा दी। इस दौरान सचल दल व अन्य जांच दल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए 41 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रथम पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें 13218 में से कुल 12009 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1209 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
वहीं, इंटरमीडिएट की एनटीटीसी केयर, सीआरओ पीपीटी टेक्नीशियन व हेल्थ लैब विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें 130 में से 127 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि तीन विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह से दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान व गणित विषय की परीक्षा आयोजित हुई।
इसमें कुल 6848 में से 6336 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं, 512 छात्र परीक्षा से नदारत रहे। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं भी कोई छात्र अनुचित साधनों का प्रयोग करता नहीं पाया गया।