सामूहिक विवाह में मौजूद जोड़ुु व भेंट प्रदान करते जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले में शुक्रवार को पांच स्थानों पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें 175 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व गणमान्य लोगों की ओर से नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद देते हुए भेंट प्रदान की गई।
नगर पालिका परिसर भिनगा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी का विजन है कि प्रदेश के गरीब परिवारों की विवाह योग्य कन्याएं धनाभाव के कारण अपने घरों में न बैठी रहें। सरकारी खर्च पर उनकी रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हो जाए। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।
इकौना के सीताद्वार में उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी, तहसीलदार इकौना प्रेम कुमार राय, खंड विकास अधिकारी गिलौला एसपी सिंह, सिरसिया में ब्लॉक प्रमुख अमित सिंह एवं खंड विकास अधिकारी सिरसिया जितेंद्रनाथ दुबे, जमुनहा में भाजपा नेता जगदंबिका वर्मा व खंड विकास अधिकारी जमुनहा गौरव पुरोहित ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
इस दौरान जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति के 81, पिछड़ा वर्ग के 53, सामान्य वर्ग के 11 व अल्पसंख्यक वर्ग के 27 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। हरिहरपुररानी में कुल 35, जमुनहा में 30, इकौना में 70 व सिरसिया में 30 तथा नगर पालिका परिषद भिनगा में 10 बेटियों के हाथ पीले कराए गये।