श्रावस्ती। जिले के 31वें जिलाधिकारी के रूप में ओमप्रकाश आर्य ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना कार्यभार संभाल लिया। 1991 बैच के पीसीएस व 2010 बैच के आईएएस आर्य की बतौर जिलाधिकारी के रूप में यह पहली तैनाती है। इससे पूर्व वह प्रयागराज में सहायक आबकारी आयुक्त के पद पर तैनात थे।
जिले के पूर्व जिलाधिकारी दीपक मीणा का स्थानांतरण शासन ने सिद्धार्थनगर में हुआ है। उनके स्थान पर प्रयागराज में सहायक आबाकारी आयुक्त रहे ओमप्रकाश आर्य को जिले का 31वां जिलाधिकारी बनाया गया है। नवागत डीएम सिद्धार्थनगर जिले के मूल निवासी हैं। वह 1991 बैच के पीसीएस व 2010 बैच के आईएएस अधिकारी है। जो पूर्व में नगर आयुक्त सहारनपुर, सीडीओ कौशांबी व अपर जिलाधिकारी लखनऊ के पद पर तैनात रह अपनी सेवा दे चुके हैं। जिलाधिकारी के रूप में उनकी श्रावस्ती में पहली तैनाती है।
शासन की प्राथमिकताओं को ही अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहाकि जिले के सबसे पिछड़े क्षेत्र तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना व समाज के दबे कुचले लोगों को न्याय दिलाना ही उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। सोमवार कलेक्ट्रेट पहुंच कर उन्होंने सबसे पहले कोषागार जाकर ट्रेजरी का चार्ज लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर यहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।