जमुनहा (श्रावस्ती)। नए वर्ष के जश्न के लिए शराब की बढ़ी मांग को देखते हुए तस्कर सक्रिय हैं। ऐसे में पुलिस व एसएसबी ने भी मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है।
मुखबिर की सूचना पर मल्हीपुर पुलिस ने सीमा क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया जिसके कब्जे से 630 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई।
नए वर्ष के उल्लास के बहाने सीमा पार से राष्ट्र विरोधी तत्व व तस्कर जिले में प्रवेश न करें, इसके लिए पुलिस व एसएसबी द्वारा सीमा क्षेत्र पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ऐसे लोगों की पहचान के लिए मुखबिरों का सहारा लिया जा रहा है। रविवार देर शाम जमुनहा चौकी प्रभारी उपनिरिक्षक नरेंद्र पाल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नेपाल से भारी मात्रा में शराब लेकर भारतीय क्षेत्र में आ रहे हैं।
इस पर उप निरीक्षक ने एसएसबी जमुनहा आउट पोस्ट के सहायक उपनिरिक्षक पुष्कर सिंह, सुभाषचंद्र व अन्य जवानों के साथ सीमा क्षेत्र की पगडंडी पर नाकेबंदी की।
इस दौरान सीमा क्षेत्र के पिलर संख्या 642/13 (बी) के निकट उन्हें एक व्यक्ति सिर पर पेटी रख कर भारतीय क्षेत्र में आता दिखा।
इस पर संयुक्त टीम द्वारा भारतीय क्षेत्र में करीब दो सौ मीटर अंदर रामपुर के पास उसको घेरने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख युवक सिर पर रखी पेटी फेंक कर नेपाल भागने का प्रयास करने लगा जिसे जवानों ने दबोच लिया।
पेटी की तलाशी लेने पर उसमें लीची स्पेशल, लीची रेशम, कर्णाली लाल व कर्णाली सफेद शराब की 630 शीशी बरामद हुई।
युवक की पहचान मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर बनगई के मजरा बांसगढ़ी निवासी शोभाराम पुत्र राममनोरथ के रूप में हुई।
गिरफ्तार युवक के विरुद्ध मल्हीपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं गिरफ्तार युवक को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया गया है।